
गणतंत्र दिवस पर पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे और पटेल मयूर कन्हैयालाल समेत 12 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पदक मिला है। पुलिस पदाधिकारियों में दो पुलिस डीएसपी, तीन हवलदार व अन्य आरक्षी शामिल हैं। झारखंड पुलिस के मीडिया सेल ने रविवार को जानकारी दी कि झारखंड जगुआर में कार्यरत पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार को विशिष्ट सेवा के लिए पदक मिला है।
वहीं पुलिस महानिरीक्षक झारखंड जगुआर रांची के अनूप बिरथरे और पुलिस महानिरीक्षक (प्रोविजन) पुलिस मुख्यालय झारखंड रांची के पटेल मयूर कन्हैयालाल को उत्कृष्ट सेवा पदक मिला है। झारखंड में उग्रवादी संगठन, संगठित आपराधिक गिरोह, अन्य अपराध पर पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई किए जाने के कारण केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पुलिस पदक दिया गया है।
सुधीर कुमार, अनूप बिरथरे, पटेल मयूर कन्हैयालाल, संजय कुमार, कृष्णा कुमार छेत्री, अरुण कुमार ओझा, मारकुस सुनवार, जयदेव प्रधान, जेनेट मार्गरेट लकड़ा, कुमुदिनी कुजूर, सुफल ओड़ेया और मो. वसीम अख्तर को पुलिस पदक मिला है।

