
रांची: खनन, निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के लिए झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 29 से 31 जनवरी 2026 तक प्रभात तारा मैदान, रांची में होगा। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का आयोजन ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है। आयोजन समिति के लोकेश चौधरी और एसके त्रिपाठी ने कहा कि झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो का आयोजन रांची में दूसरी बार किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी माइनिंग, मिनरल्स, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, पावर, स्टील, सीमेंट और सहायक उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। देश-विदेश की 100 से अधिक अग्रणी कंपनियां अपनी नवीनतम मशीनरी, तकनीक और औद्योगिक समाधान प्रदर्शित करेंगी। प्रदर्शनी के दौरान बी2बी मीटिंग्स, तकनीकी सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और नेटवर्किंग सेशन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस शो का उद्देश्य सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी कंपनियों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। इससे झारखंड में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी। इस आयोजन में कोल इंडिया की अनुषंगी इकाई सीसीएल, सीएमपीडीआई, झारखंड सरकार की खान एवं भूविज्ञान विभाग, मेकॉन सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों की सहभागिता रहेगी। उन्होंने बताया कि खनिज संसाधनों से समृद्ध झारखंड के लिए यह आयोजन राज्य की औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अहम मंच बनेगा।

