
रांची: ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो 2026 का समापन शनिवार को हुआ। समापन समारोह में माइनिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में नई तकनीक, आधुनिक उपकरणों और उद्योग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि ऐसे एग्जिबिशन से उद्योग से जुड़े लोगों को बहुत कुछ देखने और सीखने का अवसर मिलता है। आज हर सेक्टर में नई-नई तकनीक और आधुनिक उपकरण आ रहे हैं। माइनिंग के क्षेत्र में भी अत्याधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से काम आसान हुआ है और कम लागत में अधिक उत्पादन संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि माइनिंग सेक्टर के विकास के लिए नई तकनीक का उपयोग बेहद जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड एक प्रमुख माइनिंग स्टेट होने के बावजूद इसका अपेक्षित लाभ राज्य को नहीं मिल पा रहा है। इस दिशा में सरकार, उद्योग और समाज को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड में माइनिंग से जुड़े एग्जिबिशन, एक्सपो और सेमिनार लगातार होते रहने चाहिए, ताकि लोग नई तकनीक और नवाचार से रूबरू हो सकें।
लघु उद्योग भारती के अधिकारी राजीव कमल बिट्टू ने कहा कि माइनिंग उपकरणों का बाजार लगातार बढ़ रहा है। झारखंड में माइनिंग सेक्टर की बड़ी संभावनाएं हैं और यहां आधुनिक उपकरणों की आवश्यकता है, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो सके और स्थानीय उद्योग को बढ़ावा मिले।
ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन लोकेश चौधरी और सीईओ एसके त्रिपाठी ने कहा कि इस तीन दिवसीय एग्जिबिशन में बी2बी (बिजनेस टू बिजनेस) के तहत उद्योग से जुड़े विभिन्न स्टेकहोल्डर्स के बीच सार्थक संवाद हुआ। कई कंपनियों के बीच व्यापारिक संभावनाओं को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई, जिससे भविष्य में निवेश और औद्योगिक सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि एक्विजिशन में देश-विदेश की 150 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां खनन, निर्माण, पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़ी अपनी अत्याधुनिक मशीनरी, उत्पाद और नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया। झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो 2026 ने उद्योग जगत को एक साझा मंच दिया, जहां तकनीक, व्यापार और निवेश को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ। कार्यक्रम में स्वागत भाषण लघु उद्योग भारती की उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश पांडे ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विजय छपरिया ने प्रस्तुत किया।

