
दावोसः स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान झारखंड में बड़े निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्लास्टिक उद्योग, लॉजिस्टिक्स, क्रिटिकल मिनरल्स और रिटेल सेक्टर में सैकड़ों करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाओं को लेकर वैश्विक उद्योग समूहों के साथ अहम बैठकें कीं।
इन बैठकों में न सिर्फ औद्योगिक निवेश, बल्कि किसानों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर भी सहमति बनी। डब्ल्यूईएफ के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से दुनिया की प्रमुख रिटेल आउटलेट कंपनी लूलू ग्रुप के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर यूसुफ अली ने मुलाकात की।
प्लास्टिक उद्योग के क्षेत्र में 300 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में मुख्यमंत्री और वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक एवं चेयरमैन बी.के. गोयनका के बीच उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें वेलस्पन वर्ल्ड की ओर से झारखंड में प्लास्टिक उद्योग के क्षेत्र में लगभग 300 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया गया।
वेलस्पन वर्ल्ड ने झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स तथा लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी निवेश की संभावनाओं में रुचि व्यक्त की। राज्य प्रतिनिधिमंडल द्वारा धनबाद स्थित लॉजिस्टिक पार्क, राज्यभर में उपलब्ध वेयरहाउसिंग एवं स्टोरेज सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। दोनों पक्षों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखते हुए इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने को लेकर सहमति बनी।
लूलू ग्रुप ने झारखंड के उत्पादों को विदेश के बाजारों तक पहुंचाने में रुचि जताई
इस दौरान झारखंड के कृषि आधारित उत्पादों, वनोत्पादों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुओं को लूलू ग्रुप की अंतरराष्ट्रीय वैल्यू चेन से जोड़ने पर चर्चा हुई। लूलू ग्रुप ने झारखंड के उत्पादों को आउटसोर्स कर देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने में रुचि जताई है, जिससे किसानों और एसएचजी से जुड़ी महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।
समूह ने झारखंड में कैपेसिटी बिल्डिंग के क्षेत्र में भी काम करने की इच्छा जताई है। आगे की संभावनाओं को लेकर लूलू ग्रुप का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द झारखंड का दौरा करेगा। राज्य सरकार का प्रयास है कि झारखंड लूलू ग्रुप का प्राइमरी सप्लायर बने।
: रोडमैप ‘विजन 2050’ की सराहना
दावोस में झारखंड के दीर्घकालिक विकास रोडमैप ‘विजन 2050’ को भी सराहना मिली। विप्रो लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन और अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के चेयरमैन अज़ीम प्रेमजी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में “प्रकृति के साथ सामंजस्य में विकास” की सोच की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि झारखंड गंभीर और संगठित प्रयासों के साथ आगे बढ़ रहा है। अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा रांची के इटकी में एक विश्वविद्यालय, 1300 बेड का अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और स्कूल की स्थापना की जा रही है, जो राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी पहल है।

