
राँची : राजधानी रांची के चुटिया इलाके में रसोई गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण का खुलासा हुआ है। 252 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किये गये हैं। वहीं, दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह छापामारी चुटिया थाना क्षेत्र के साईं कॉलोनी, अपर चुटिया में की गई। जिला प्रशासन और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई देर रात जारी थी। आशंका है कि इन घरेलू गैस सिलेंडर को खुले बाजार में ऊंचे दाम पर बेचने के इरादे से रखा गया था। हिरासत में लिये गये लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की तलाश जुटी थी। पुलिस अब खंगाल रही है कि सिलेंडर किस एजेंसी से आये? कालाबाजारी कहां-कहां हो रही थी? कौन-कौन है इस नेटवर्क में शामिल? वहीं, सिलेंडरों की गिनती और वर्गीकरण जारी था। घरेलू और कमर्शियल कनेक्शन की पड़ताल की जा रही थी।

