
गिरिडीह जिले में नगर निकाय चुनाव मतगणना का रिजल्ट आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा 22 साल की कल्पना कुमारी के बारे में हो रही है। कल्पना कुमारी बड़की सरैया के वार्ड नंबर 6 से वार्ड पार्षद के रूप में विजय हुई है।वह जिले भर में जीते हुए प्रत्याशियों में सबसे कम उम्र की हैं और अभी भी छात्रा हैं. कल्पना जियोलॉजी में पीजी कर रही है. कल्पना ने बताया कि उन्होंने वार्ड नंबर 6 से चुनाव लड़ा और सभी लोगों ने उन्हें अपने घर की बेटी, बहन समझ कर वार्ड पार्षद के लिए भी चुना और 239 वोट देकर सबसे कम उम्र की वार्ड पार्षद बनाया. कल्पना ने कहा, “जिस प्रकार से मुझे वार्ड की जनता ने जिताया है, मैं हमेशा वार्ड नम्बर 6 की जनता के विकास के लिए तत्पर रहूंगी और ये हमारी नहीं वार्ड नम्बर 6 की जनता की जीत है.कल्पना ने बताया कि जब वे चुनाव के लिए खड़ी हुईं तो उनके सामने बहुत सारी चुनौतियां आईं, जैसे कि- लड़की है शादी होगी तो ससुराल चली जाएगी. शादी को लेकर बहुत ज्यादा अफवाह भी फैलाई गईं, लेकिन उन्होंने इन सभी बातों को दरकिनार करके अपने लक्ष्य पर ध्यान दिया और आज उन्हें जनता ने सबसे कम उम्र की वार्ड पार्षद चुना.कल्पना ने कहा कि युवाओं और खासकर लड़कियों को राजनीति में आगे के लिए प्रेरित करना चाहिए.

