
रांची। महावीर जयंती के अवसर पर मंगलवार को बूटी रोड स्थित भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल में सेवा कार्य के तहत मरीजों, उनके परिजनों और डॉक्टरों के बीच फल वितरण किया गया।
इस अवसर पर अस्पताल के अध्यक्ष संतोष पाटनी ने कहा कि महावीर जयंती के मौके पर सेवा कार्य कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। जैन धर्म में मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म माना गया है।
इसी उद्देश्य को लेकर भगवान महावीर नेत्र अस्पताल द्वारा जरूरतमंद लोगों की आँखों की नि:शुल्क जांच और ऑपरेशन किए जा रहे हैं। स्थापना के बाद से अब तक हजारों लोगों का मुफ्त ऑपरेशन किया जा चुका है।
प्रतिदिन सैकड़ों लोग झारखंड सहित अन्य राज्यों से यहाँ आँखों की जांच कराने आते हैं और उनका बेहतर नि:शुल्क इलाज किया जाता है। आने वाले समय में अस्पताल में कई अत्याधुनिक मशीनें लगाने की योजना है, जिसे जल्द ही कार्यान्वित किया जाएगा।
इस मौके पर अस्पताल के उपाध्यक्ष कमल जैन विनायका, उपाध्यक्ष पंकज सेठी, पद्मचंद जैन छाबड़ा, विजय कुमार छाबड़ा, हरीश दोसी, डॉ. मयूरी, बबीता गुप्ता, शिवानंद श्रीवास्तव और संजीव जैन उपस्थित थे।

