
बिहार-झारखंड सरकार में मंत्री रह चुके माधव लाल सिंह का बुधवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और रांची के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सिंह ने निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स हैंडल पर लिखा है-गोमिया से पूर्व विधायक, एकीकृत बिहार सरकार एवं राज्य गठन के बाद झारखंड सरकार में मंत्री रहे आदरणीय श्री माधव लाल सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। साथ ही मुख्यमंत्री ने राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है।
माधव लाल सिंह के निधन की खबर मिलते ही बोकारो जिले के गोमिया विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे गोमिया से चार बार विधायक चुने गए थे। सरल स्वभाव और जनसरोकारों के कारण वे गोमिया में “माधव बाबू” के नाम से लोकप्रिय थे।
कुछ दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले बोकारो के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी था। बुधवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

