
ओड़िशा : ओडिशा के कटक स्थित सरकारी SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सोमवार तड़के दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। ट्रॉमा केयर ICU में लगी भीषण आग ने अस्पताल में अफरातफरी मचा दी। हादसे में अब तक 10 मरीजों की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच ICU में अचानक आग भड़क उठी। उस वक्त यहां गंभीर हालत वाले मरीजों का इलाज चल रहा था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के वार्ड भी इसकी चपेट में आ गये। सूचना मिलते ही दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अस्पताल के कर्मचारी, पुलिस और मरीजों के परिजनों ने भी राहत-बचाव में हाथ बंटाया। मरीजों को सुरक्षित निकालने के दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी झुलस गये, जबकि 23 मरीजों को तुरंत दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया गया। अधिकारियों के मुताबिक 7 मरीजों की मौत शिफ्टिंग के दौरान हो गई, जबकि 3 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही CM मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट-सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।

