चाईबासा: चाईबासा जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के जोड़ो गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। बेखौफ डकैत चार पहिया वाहन से गांव पहुंचे और महज 8 से 10 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डकैतों ने गांव निवासी राजेश प्रधान के घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने घर का दरवाजा और अलमीरा तोड़कर लगभग 5 लाख रुपये के जेवरात और 85 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना के समय घर के बुजुर्ग बाहर बैठे हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पिकनिक मनाने गए हुए थे।
बताया जाता है कि चार पहिया वाहन से आए 5 से 6 डकैत अचानक घर में घुस गए और तेजी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना इतनी जल्दी हुई कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में जब डकैती की जानकारी मिली तो पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। चक्रधरपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर छापामारी की जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस डकैती की घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


