जामताड़ा। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) दुमका की टीम ने जामताड़ा में बड़ी कार्रवाई की है। समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में तैनात क्लर्क सौरभ कुमार को एसीबी ने ₹6000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। इस गिरफ्तारी के बाद शिक्षा विभाग के कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
पूरा मामला नाला स्थित झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय से जुड़ा है। यहाँ कार्यरत क्लस्टर रिसोर्स पर्सन (CRP) रास बिहारी झा का मानदेय बढ़ना था। इसी बढ़े हुए मानदेय के भुगतान की फाइल को आगे बढ़ाने और स्वीकृत कराने के नाम पर क्लर्क सौरभ कुमार ने ₹8000 की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने सीधे दुमका एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज करा दी।
एसीबी ने गुप्त तरीके से मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। आरोपी क्लर्क ने सौदा तय किया था कि ₹6000 काम शुरू होने से पहले और ₹2000 काम पूरा होने के बाद लेगा। योजना के अनुसार, जैसे ही सौरभ कुमार ने पहली किश्त पकड़ी, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल टीम आरोपी को अपने साथ दुमका ले गई है, जहाँ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


