जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील प्रशासन की एक और मिसाल आज समाहरणालय परिसर में देखने को मिली, जब दिव्यांग रोबिन मालकार अपनी पत्नी के साथ राशन कार्ड बनवाने के उद्देश्य से समाहरणालय पहुंचे। शारीरिक रूप से असहज होने के बावजूद रोबिन ने उम्मीद के साथ जिला आपूर्ति कार्यालय का रुख किया, जहां उपस्थित कर्मियों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्परता से उनकी सहायता शुरू कर दी।

कार्यालय कर्मियों द्वारा मामले की जानकारी तुरंत विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, रांची श्रीमती मोनी कुमारी को दी गई। आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करते हुए बिना किसी विलंब के राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। प्रशासनिक तत्परता और समन्वय का परिणाम यह रहा कि कुछ ही देर में रोबिन मालकार का राशन कार्ड तैयार कर दिया गया।
-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की नजर सीढ़ियों से उतरते हुए रोबिन मालकार पर पड़ी। वो उनके पास पहुंचे, उनकी समस्याओं और प्रक्रिया की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद पदाधिकारियों एवं कर्मियों की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। इसके पश्चात उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने रोबिन मालकार को उनका राशन कार्ड सौंपा।

-उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दिव्यांग, वृद्ध एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।

इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय सहित जिला आपूर्ति कार्यालय के अन्य कर्मी भी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version