कोडरमा: कहते हैं कि ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’ और जब संकट के समय फरिश्ता बनकर कोई स्वास्थ्यकर्मी सामने आ जाए, तो भगवान पर भरोसा और मजबूत हो जाता है. कुछ ऐसा ही अनोखा और दिल को छू लेने वाला नजारा मंगलवार की रात झुमरी तिलैया के राजगढ़िया रोड पर देखने को मिला. यहां अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला को अचानक तीव्र प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. स्थिति इतनी आपातकालीन हो गई कि महिला ने चलती टोटो (ई-रिक्शा) में ही जुड़वा बच्चों (ट्विंस) को जन्म दे दिया. राहत की बात यह है कि मौके पर मौजूद एक एएनएम की तत्परता से दोनों बच्चे और मां पूरी तरह से स्वस्थ और सुरक्षित हैं.


तड़प रही थी महिला, भगवान बनकर पहुंची ANM
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे टोटो से अस्पताल ले जा रहे थे. इसी बीच राजगढ़िया रोड के पास महिला की प्रसव पीड़ा असहनीय हो गई और वह दर्द से तड़पने लगी. टोटो में ही प्रसव की स्थिति बन गई. उसी दौरान वहां से एएनएम प्रियंका कुमारी गुजर रही थीं. चीख-पुकार सुनकर वह तुरंत मौके पर पहुंची स्थिति की गंभीरता और प्रसव की आपातकालीन स्थिति को देखते हुए उन्होंने बिना एक पल गंवाए सड़क पर ही मोर्चा संभाला. प्रियंका कुमारी ने अपनी सूझबूझ और पेशेवर अनुभव का परिचय देते हुए चलती टोटो में ही सुरक्षित प्रसव कराया.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version