दुमका: जिले में स्कूली छात्राओं के लिए आयोजित समर कैंप में खेल अभ्यास के दौरान एक छात्रा की मौत हो गई. इस घटना के बाद संबंधित विद्यालय सहित तमाम खेल प्रेमियों में शोक की लहर है. घटना के कारण बच्चों को स्कूल से छुट्टी दे दी गई है. जिला खेल अधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने कहा कि आशंका है कि प्रैक्टिस के दौरान कार्डियक अरेस्ट की वजह से ऐसा हुआ. विभाग द्वारा सरकार से मुआवजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.

कैसे हुई छात्रा की मौत

दरअसल, दुमका जिला खेलकूद विभाग के द्वारा जिला स्कूल परिसर में 60 स्कूली छात्राओं के लिए एक समर कैंप आयोजित किया गया है, जिसमें छात्राओं को कई तरह के खेल, योगा, मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसी शिविर में सिदो कान्हू विद्यालय के आठवीं की छात्रा श्वेता टुडू भी प्रशिक्षण ले रही थी.

मंगलवार शाम को श्वेता टुडू दौड़ अभ्यास के लिए ट्रेनिंग कैंप हॉल के अंदर चक्कर लगा रही थीं. इसी दौरान वह अचानक गिर गई. ट्रेनिंग कैंप की मॉनिटरिंग कर रहे खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने तुरंत श्वेता को अपनी गाड़ी से फूल झानो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. श्वेता टुडू दुमका के जामा थाना क्षेत्र के कटहरा गांव की रहने वाली थी और उनके पिता जामताड़ा जिले में पुलिस विभाग में कार्यरत हैं.

परिजनों को दिलाया जाएगा मुआवजा: जिला खेल पदाधिकारी

दुमका जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने बताया कि दुमका के स्कूली छात्राओं के लिए तरह-तरह के खेलों, योगा, मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देने के लिए एक कैंप का आयोजन किया गया है. इसी में यह घटना घटी. उन्होंने कहा कि श्वेता टुडू एक अच्छी फुटबॉलर थी. उन्होंने कहा कि इस मामले में विभाग के वरीय अधिकारियों से बातकर खिलाड़ी कल्याण कोष से मुआवजा दिलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि आगे एहतियात बरतते हुए कैंप मैं भाग लेने वाली अन्य बच्चियों के लिए मेडिकल जांच की व्यवस्था की जाएगी.वहीं, दुमका नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि उन्हें अस्पताल से छात्रा के बेहोश होने की सूचना मिली थी. थाना प्रभारी ने बताया कि उनके पिता ने लिखित रूप से आवेदन देकर यह आग्रह किया कि जब श्वेता की मौत सबों के सामने हुई है तो हमलोग पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते हैं. हमने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया, इसके बावजूद परिजन पोस्टमार्टम नहीं करने पर अड़े रहे. जिसके कारण शव को बिना पोस्टमार्टम के ही परिवार को सौंप दिया गया.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version