
रांची: 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड 2026 भारत की लोकतांत्रिक विरासत, सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक समृद्धि का भव्य प्रदर्शन होगी. इस ऐतिहासिक आयोजन को स्वर देने का गौरवपूर्ण दायित्व झारखंड के धनबाद निवासी कर्नल जे.के. सिंह को सौंपा गया है.26 जनवरी के अवसर पर देश की राजधानी नई दिल्ली में होने वाले मुख्य समारोह में झारखंड के रहने वाले कर्नल जेके सिंह की आवाज पूरे देश को सुनाई देगी. देश-विदेश के करोड़ों दर्शकों तक इस विराट परेड का तथ्यपरक और भावुक वर्णन कर्नल सिंह अपनी प्रभावशाली आवाज से पहुंचाएंगे.
आपको बता दें कि कर्नल जे.के. सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल तिलैया से प्राप्त की है. राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें फ्लाइट लेफ्टिनेंट आनंद मोहन पुरस्कार और वीर कुंवर स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया. ये पुरस्कार उन्हें यूपीएससी परीक्षा के माध्यम से एनडीए प्रवेश में सैनिक स्कूल तिलैया और बिहार-झारखंड क्षेत्र से प्रथम स्थान प्राप्त करने पर दिए गए थे. इसके अलावा, अटल टनल पर आधारित फिल्म के लिए अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में ‘सर्वश्रेष्ठ वॉयस ओवर पुरस्कार’ हासिल कर चुके कर्नल सिंह की आवाज पहले भी राष्ट्रीय पटल पर गूंज चुकी है.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में होने वाली इस परेड के मुख्य अतिथि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन होंगी. यह निमंत्रण भारत-यूरोप संबंधों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. इस वर्ष परेड की केंद्रीय थीम है ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’. राष्ट्रीय गीत की ऐतिहासिक और भावनात्मक विरासत को विभिन्न स्वरूपों में प्रदर्शित किया जाएगा. तेजेंद्र कुमार मित्र द्वारा 1923 में निर्मित वंदे मातरम् आधारित चित्र श्रृंखला कर्तव्य पथ पर व्यू-कटर्स के रूप में सजाई जाएगी.शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना, वीरता पुरस्कार विजेताओं का सम्मान और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP) प्राप्त बच्चों को राष्ट्र के समक्ष प्रस्तुत करना होगा. कर्तव्य पथ पर कुल 30 झांकियां होंगी, जिनमें 17 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों और 13 मंत्रालयों/विभागों/सेवाओं की भागीदारी होगी. इनकी थीम रहेगी—’स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम्’ और ‘समृद्धि का मंत्र: आत्मनिर्भर भारत’.
लगभग 2500 सांस्कृतिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से भारत की सांस्कृतिक आत्मा को जीवंत करेंगे भारतीय सेना पहली बार ‘फेज़्ड बैटल ऐरे फॉर्मेशन’ दिखाएगी, जिसमें आधुनिक टैंक, मिसाइलें, ड्रोन, आर्टिलरी, बख्तरबंद वाहन और अत्याधुनिक युद्ध क्षमताओं का प्रदर्शन होगा. 18 मार्चिंग कंटिंजेंट, 13 सैन्य बैंड और त्रि-सेवा का फ्लाई-पास्ट परेड के मुख्य आकर्षण रहेंगे. 10,000 विशिष्ट अतिथि, नए भारत की तस्वीरपरेड में करीब 10,000 विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है.
इनमें किसान, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, स्टार्ट-अप उद्यमी, महिला स्वयं सहायता समूह, शिल्पकार, आदिवासी प्रतिनिधि, सैनिक, छात्र और केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थी शामिल होंगे. ये नए भारत की जीवंत छवि पेश करेंगे. कर्नल जे.के. सिंह की कमेंट्री से सैन्य सामर्थ्य, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रभावना सभी तक पहुंचेगी.

