रांची: स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम और लंदन की यात्रा कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड लौट आए हैं. विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार शाम रांची एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री का इस दौरान भव्य स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में सांसद महुआ माजी, झामुमो केन्द्रीय महासचिव विनोद पांडे सहित कई प्रमुख नेता शामिल रहे.

मुख्यमंत्री ने ढोल नगाड़ों के साथ रांची एयरपोर्ट पहुंचे जेएमएम कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए इस यात्रा को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया. रांची एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे वैश्विक सम्मेलन के माध्यम से झारखंड ने भी एक बड़े पटल पर अपनी बातें रखने का बेहतर प्रयास किया है. समय-समय पर आप सभी लोगों को खबरें भी मिलती रही हैं. सरकार की ओर से हम लोगों ने दावोस और लंदन में झारखंड की आवाज पहुंचाई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन होने के बाद पहली बार एक बड़े वैश्विक मंच पर झारखंड ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि विश्व आर्थिक मंच में सम्मिलित होकर एक बेहतर अनुभव के साथ आज हमारी पुनः झारखंड वापसी हुई है.

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के अनुभव का राज्य को मिलेगा लाभ – सीएम

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के माध्यम से जो अनुभव राज्य सरकार को मिला है, उस अनुभव को झारखंड के समस्त जनमानस, यहां की जल, जंगल, जमीन और यहां की अपार संभावनाओं को एक नया आयाम देने की पहल हमारी सरकार करेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी आने वाली पीढ़ी को किस प्रकार हम बेहतर दिशा दे सकें, इस निमित्त सकारात्मक पहल की जाएगी. इस वैश्विक सम्मेलन के माध्यम से हमने शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने का प्रयास किया है, जो कहीं न कहीं हमारे राज्य के युवा पीढ़ी को मजबूती प्रदान करेगी. झारखंड में बहुत संभावनाएं हैं, इन सभी संभावनाओं को मूर्त रूप देकर राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है.

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पहली बार झारखंड से 11 सदस्य प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में शामिल हुआ, जो राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है. इस सम्मेलन में विश्व के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति एवं गण्यमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रही है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version