
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बड़ा निशाना साधा।
श्री मरांडी ने कहा कि एक बैठक का एंट्री कार्ड मिलने पर फूले नहीं समाने वाले हेमंत सोरेन जी, कभी झारखंड की दुर्दशा पर शर्म भी कर लीजिए।
कहा कि मुख्यमंत्री की नाकामी और निकम्मेपन की कीमत झारखंड रोज़ चुका रहा है। राज्य को हर दिन नए ज़ख्म मिल रहे हैं, लेकिन हेमंत जी को सिर्फ़ व्हाइट बैज और मंहगे कोट-मफलर वाले फोटो सेशन की चिंता है।
कहा कि सुना है अब “लंदन शापिंग सेशन” के लिये यात्रा एक्सटेंड कर इस बार गणतंत्र दिवस महापर्व से भी दूरी बना लेने की तैयारी हो रही है।
कहा कि जमशेदपुर से अपहृत व्यवसायी का अब तक कोई सुराग नहीं है। सोमा मुंडा के हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। युवा नौकरी और रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। बालू, पत्थर, कोयला जैसे खनिजों की लूट मची हुई है।
कहा कि पहले शराब घोटाला और अब घोटाले की जॉंच में घोटाला। आदिवासियों के जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। हर ओर अराजकता का मंजर है।
कहा कि सरस्वती पूजा के दिन बोकारो के एक स्कूल परिसर में आगजनी के कारण धू-धू कर जलती तीन स्कूल बसों को देखिए और आत्मचिंतन करिए कि आपकी प्राथमिकता क्या है…झारखंड की ध्वस्त कानून व्यवस्था की नैतिक जिम्मेवारी लेना या आत्ममुग्धता से ग्रस्त होना?

