चान्हो- चान्हो प्रखंड के रघुनाथपुर पंचायत अंतर्गत नवाडीह गांव में मानवता को झकझोर देने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। यहां ऊंट के सहारे चंदा मांगकर अपने परिवार का पेट पालने वाला एक व्यक्ति, उसी ऊंट के बीमार पड़ते ही उसे गांव के पास छोड़कर फरार हो गया। इलाज और देखभाल के अभाव में ऊंट की देर रात मौत हो गई।बताया जाता है कि उक्त व्यक्ति शुक्रवार को चान्हो क्षेत्र के विभिन्न गांवों में घूम-घूमकर अपने और ऊंट के लिए पैसे व सामान चंदे के रूप में इकट्ठा कर रहा था। शाम के समय नवाडीह गांव के समीप ऊंट अचानक बीमार पड़ गया। इसी दौरान उसका मालिक, जो वर्षों से ऊंट की मेहनत पर निर्भर था, उसे वहीं बेसहारा छोड़कर भाग खड़ा हुआ।मामले की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया महादेव भगत ने इसे गंभीरता से लिया और वन विभाग से संपर्क साधा। रात में स्थानीय युवकों के साथ मुखिया ने ऊंट को कंबल से ढंककर बचाने की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात ऊंट ने दम तोड़ दिया।
यह घटना कई सवाल खड़े करती है।जिस ऊंट ने बीमार होने के बावजूद दिन-रात मेहनत कर अपने मालिक और उसके परिवार का पेट भरा, उसी ऊंट को बीमारी में बेसहारा छोड़ देना आखिर कैसी इंसानियत है?
बहरहाल, शनिवार को मुखिया महादेव भगत ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर सम्मानपूर्वक ऊंट को दफन कराया।
नवाडीह की यह घटना न सिर्फ एक ऊंट की मौत की कहानी है, बल्कि इंसान और इंसानियत के बीच बढ़ती दूरी की एक दर्दनाक तस्वीर भी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version