
श्री मौली सती दादी ट्रस्ट, रांची के तत्वावधान में आज रविवार को श्री श्री मौली सती दादी जी का 15वाँ वार्षिक महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर रानी सती दादी मंदिर परिसर, रातू रोड में माता श्री मौली सती दादी जी का भव्य दरबार सजाया गया। महोत्सव के अवसर पर प्रातः रानी सती मंदिर के मुख्य द्वार से भव्य नगर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा रांची गौशाला न्यास होते हुए रातू रोड चौक पहुँची तथा तत्पश्चात हनुमान बक्स पोद्दार भवन में स्थित माता के दरबार में पहुँचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएँ, सिर पर कलश धारण कर एवं धर्म ध्वज के साथ शामिल हुईं। पूरे मार्ग में दादी जी की जय के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। दरबार स्थल पर सामूहिक मंगल पाठ, दादी जी का अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योत, भजन-कीर्तन एवं भव्य दरबार का आयोजन किया गया। बाहर से पधारे मंगल पाठ वाचकों एवं भजन कलाकारों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सायंकाल आयोजित भजन संध्या देर रात्रि तक चली।
कार्यक्रम के उपरांत दादी जी की इच्छा तक महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री मौली सती दादी ट्रस्ट के संयोजक आर.एस. अग्रवाल, मोहन अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, किशन लाल गोयल, पुरुषोत्तम दास अग्रवाल, पंकज गोयल, प्रेम टोलासरिया, श्रीकिशन चूड़ीवाला, चेतन अग्रवाल, रमेश गोयनका (सूरत) एवं लोकेश अग्रवाल सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों, महिला मंडल एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
–

