रांची। श्री दिगंबर जैन पंचायत के तत्वावधान में मुनि श्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज के सानिध्य में अपर बाजार स्थित दिगंबर जैन मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें पीतल के रथ पर भगवान को विराजमान किया जाएगा, जो शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण होगा।

शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकलकर जेजे रोड, कार्ट सराय रोड, हरमू रोड, रातू रोड होते हुए भगवान वासुपूज्य मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान का कलशाभिषेक होगा। इसके बाद शोभायात्रा रातू रोड, मेन रोड, महावीर चौक, अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए लाइन टैंक रोड से सर्कुलर रोड पहुंचकर पंचकल्याणक स्थल बिरसा मुंडा फन पार्क में समाप्त होगी।


मुनि श्री का दीक्षा समारोह आज, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

भगवान महावीर जयंती के अवसर पर आचार्य विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज का 39वां दीक्षा दिवस समारोह दोपहर 1:30 बजे से बिरसा मुंडा फन पार्क में मनाया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उपस्थित रहेंगे।

श्री मज्जिनेंद्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव 1 से 6 अप्रैल तक, तैयारियां पूर्ण

रांची। श्री दिगंबर जैन पंचायत के तत्वावधान में 1 से 6 अप्रैल तक राजधानी के सर्कुलर रोड स्थित बिरसा मुंडा फन पार्क में संत शिरोमणि आचार्य गुरुवर श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य परम पूज्य मुनि श्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज के सानिध्य में भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी अपर बाजार दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में समाज के अध्यक्ष प्रदीप बाकलीवाल, मंत्री जितेंद्र छाबड़ा और मुख्य संयोजक पूरनमल सेठी ने दी।

पंचकल्याणक महोत्सव तीर्थंकर भगवान के जीवन के पांच प्रमुख कल्याणकों के रूप में मनाया जाता है। महोत्सव की शुरुआत 1 अप्रैल को मंगलाचरण एवं ध्वजारोहण से होगी। इसके बाद गर्भ कल्याणक विधान में तीर्थंकर के गर्भ आगमन की पावन घटना का भावपूर्ण चित्रण किया जाएगा, जिसमें माता के 16 स्वप्नों की झांकी प्रस्तुत की जाएगी।

दूसरे दिन गर्भ कल्याणक, तीसरे दिन जन्म कल्याणक, चौथे दिन दीक्षा कल्याणक, पांचवें दिन केवलज्ञान कल्याणक तथा अंतिम दिन मोक्ष कल्याणक एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन होगा।

इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन, मुनि श्री के प्रवचन, शंका समाधान आदि भी होंगे।

 

जैन मंदिर सज-धज कर तैयार, प्रतिमाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप

पंचकल्याणक महोत्सव को लेकर अपर बाजार दिगंबर जैन मंदिर पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है। यहां नई भव्य एवं नक्काशीदार वेदियों का निर्माण किया गया है।

इनमें जैन धर्म के 16वें तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ, 17वें तीर्थंकर कुंथुनाथ और 18वें तीर्थंकर भगवान आदिनाथ की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा पंचकल्याणक विधि से की जाएगी। इसके अलावा भरत और बाहुबली की प्रतिमाओं को भी नई वेदी पर स्थापित किया जाएगा।

कारीगरों द्वारा प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूरे मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक रूप में सजाया गया है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए जैन महिला जागृति, जैन पंचायत और जैन युवा जागृति के सदस्य दिन-रात तैयारी में जुटे हुए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version