सरायकेला।सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस ने कुचाई थाना क्षेत्र के लोप्सो गांव के घने जंगल में संचालित अवैध अंग्रेजी शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ कर बड़ा खुलासा किया है। गुप्त सूचना पर शुक्रवार देर शाम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली शराब और कच्चा माल जब्त किया गया।
सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल को शरणस्थली बनाकर बड़े पैमाने पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर रहे हैं। इसकी पुष्टि होते ही एक विशेष छापेमारी टीम का गठन हुआ और पुलिस त्वरित कार्रवाई के लिए लोप्सो जंगल पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद 2-3 लोग भाग खड़े हुए। सशस्त्र जवानों ने पीछा किया, लेकिन घना जंगल और झाड़ियां उनके फरार होने में मददगार साबित हुईं।
जंगल के अंदर फैले इस अवैध ठिकाने से पुलिस ने उद्योग स्तर पर शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। आठ बड़े प्लास्टिक ड्रमों में करीब 1600 लीटर स्प्रिट मिला, जो नकली अंग्रेजी शराब तैयार करने का मुख्य कच्चा माल होता है। इसके अलावा मौके से एक सफेद स्कॉर्पियो (JH05AP 3535) भी जब्त की गई है।
छापेमारी के दौरान 80 पेटी तैयार अंग्रेजी शराब — जिसमें 68 पेटी KINGS GOLD और 12 पेटी BLACK TIGER शामिल हैं — बरामद की गईं, जिनकी कुल मात्रा लगभग 720 लीटर है। साथ ही 15 बड़े जारों में करीब 300 लीटर शराब, ढेरों खाली बोतलें, बोतलों के ढक्कन, नकली लेबल, कार्टन, रंग मिलाने वाले केमिकल डिब्बे और तिरपाल भी मिले। इस तरह कुल 1020 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।
पुलिस ने पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और छापेमारी अभियान जारी है। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह कारोबार कब से चल रहा था, किन-किन लोगों की इसमें सीधी या परोक्ष संलिप्तता है और शराब का नेटवर्क किन इलाकों तक फैला हुआ था।


