रांची: झारखंड की राजधानी रांची में बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. रांची पुलिस ने गिरोह के पास से 12 बच्चों को बरामद किया है. साथ ही गिरोह के 13 सदस्यों को गिरफ्तार किया है और करीब दो दर्जन चोरों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. रांची एसएसपी राकेश रंजन ने इसकी जानकारी दी.

बरामद बच्चों को बोकारो, धनबाद, चाईबासा और रांची से चोरी किया गया था. रांची पुलिस बरामद बच्चों के परिजनों की तलाश करेगी. सभी बच्चो को फिलहाल धुर्वा थाना लाया गया है. एसएसपी ने बताया कि चोरी के बच्चों के परिजनों की पहचान के लिए पुलिस डीएनए टेस्ट भी कराएगी.एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि रांची के धुर्वा से अंश अंशिका के लापता होने के बाद रांची पुलिस ने रांची समेत अन्य जिलों और राज्यों में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया. जिसमें बच्चा चोर गिरोह का खुलासा हुआ. इस गिरोह की पहचान गुलगुलिया गैंग के रूप में हुई है. जो पिछले दस वर्षों से बच्चा चोरी करने में लगा हुआ है. गुलगुलिया गैंग कई बच्चों को बेच चुका है. इस गैंग के तार बिहार, ओडिशा, बंगाल और यूपी जुड़ा मिला है.एसएसपी ने बताया कि इस गैंग ने अंश-अंशिका का सौदा भी कर लिया था लेकिन पुलिस की दबिश से यह नहीं हो सका. उन्होंने बताया कि यह गैंग बच्चों से भीख मांगने और पॉकेट मारी का काम कराता है. साथ ही चोरी की बच्चियों से देह व्यापार कराया जाता है. वहीं पुलिस का मानना है कि इस बच्चा चोर गिरोह का तार मानव अंगों के व्यापार से भी जुड़ा हो सकता है. फिलहाल इस एंगल पर भी पुलिस की तफ्तीश जारी है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version