
कोडरमा: जिले के जयनगर प्रखंड के खरियोडीह पंचायत के गड़ीयाई बिरहोर टोला से एक साथ 10 बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बच्चों की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला. जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी गई. फिलहाल, पुलिस बच्चों की तलाश में जुट गई है. हालांकि, अभी तक उनका कुछ पता नहीं चला है.
घटना के बारेमें मुखिया राजेंद्र यादव ने बताया कि एक फरवरी की रात गड़ियाई बिरहोर टोला से लोग परसाबाद एक श्राद्धकर्म में भोज खाने गए हुए थे. जब वे वापस लौटे तो देखा कि उनके बच्चे साथ में नहीं हैं. जिसके बाद अगले दिन परिजनों ने इसकी सूचना उन्हें दी. उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को दी.
इधर, बच्चों के लापता होने की सूचना पर जयनगर पुलिस ने किसी भी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई और उल्टा मुखिया को ही बच्चे की खोज-बिन में लगा दिया. मुखिया राजेन्द्र यादव ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर अपने स्तर से हर संभव बच्चों को ढूंढने का प्रयास किया. लेकिन जब बच्चों का कहीं कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने इसकी सूचना जयनगर के बीडीओ गौतम कुमार को दी. जिसके बाद मामला जिले के वरीय पदाधिकारियों के संज्ञान में आया.
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के साथ गांव पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली. जिसके बाद पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की खोजबीन भी शुरू कर दी गई है.
प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार ने बताया कि गड़ीयाई बिरहोर टोला के कुछ बच्चों के लापता होने की उन्हें सूचना मिली है. परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला है कि वे श्राद्ध का भोज खाने 1 फरवरी को परसाबाद आए हुए थे. जो घर वापस जाने के क्रम में लापता हो गए हैं. उन्होंने कहा कि बच्चों की तलाश की जा रही है.
उन्होंने कहा कि गड़ीयाई बिरहोर टोला के लोग परसाबाद से ट्रेन पकड़कर यदुडीह हॉल्ट उतरकर अपने घर आना-जाना करते हैं. ऐसे में उन्हें संदेह है कि बच्चों द्वारा उल्टे रूट की ट्रेन पकड़ ली गई होगी और बच्चे धनबाद की ओर चले गए होंगे. परसाबाद के दोनों ओर स्थित स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए जा रहे हैं और जल्द ही बच्चों को ढूंढ़ लिया जाएगा.

