
गुरुग्राम : 11 मार्च को सैक्टर-5, गुरुग्राम थाना में बसंत होटल, नजदीक रेलवे स्टेशन, गुरुग्राम एक सूचना प्राप्त हुई कि उनके होटल के कमरे में एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची जहां पर एक व्यक्ति खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा हुआ था जिसकी पहचान आनंद गोस्वामी (उम्र-41 वर्ष) निवासी तेतुलमुरी बस्ती जिला धनबाद (झारखंड) के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम व फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया तथा मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। फिर 12 मार्च को मृतक के जीजा ने पुलिस टीम को शिकायत के माध्यम से बताया कि उसका साला आनंद गोस्वामी काम की तलाश में गुरुग्राम आया था तथा विगत 8 मार्च से बसंत होटल नजदीक रेलवे स्टेशन, गुरुग्राम में रुका हुआ था। 10 मार्च की रात को होटल में काम करने वाले एक व्यक्ति इंद्रजीत तथा एक अन्य व्यक्ति अरविंद कुमार ने आनंद के साथ मारपीट की जिससे लगी चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई। शिकायत पर थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया। थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में कल 12 मार्च को 02 आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान इंद्रजीत (उम्र-23 वर्ष) निवासी तारानपुर जिला गाजीपुर (उत्तर-प्रदेश) व अरविंद कुमार उर्फ संजू (उम्र-35 वर्ष) निवासी सतरघाट जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है।
आरोपी इंद्रजीत बसंत होटल नजदीक रेलवे स्टेशन गुरुग्राम में सफाई का काम करता है तथा आरोपी अरविंद रेलवे स्टेशन गुरुग्राम के आसपास ही रहता था जिससे इन दोनों आरोपियों में जानकारी हो गई थी। आरोपी अरविंद कभी कभार किसी होटल में खाना बनाने का काम भी करता है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि अप्रैल माह में आरोपी इंद्रजीत की बहन की शादी थी। इसलिए आरोपी इंद्रजीत को रूपयों की जरूरत थी। आरोपी इंद्रजीत ने देखा था कि मृतक आनंद शराब पीने का आदि है। इसलिए दिनांक 10 मार्च की रात को जब मृतक आनंद शराब पीकर सो गया तो आरोपी इंद्रजीत उसके कमरे में गया तथा रुपए ट्रांसफर करने के लिए उसका मोबाइल फोन ले आया। जब मृतक आनंद को होश आया तो वह अपना फोन ढूंढते हुए होटल में नीचे आया तथा उसने देखा कि उसका फोन आरोपी इंद्रजीत के पास है तो आनंद ने इंद्रजीत से अपना फोन मांगा तो इंद्रजीत ने कहा कि पहले पासवर्ड बताओ फिर फोन दूंगा। इसी बात को लेकर इनकी कहासुनी हो गई और इंद्रजीत ने आनंद के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी इंद्रजीत व आरोपी अरविंद उर्फ संजू आनंद के कमरे में गए और उसके साथ फिर मारपीट की। मारपीट के दौरान लगी चोटों से आनंद की मृत्यु हो गई।आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग अनुसंधानाधीन है।

