रांचीः जिला में करीब 1.45 लाख विद्यार्थियों का आधार अपडेटेशन लंबित है. इसे जल्द पूरा करने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है. मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित विभिन्न बैठकों में उपायुक्त ने शिक्षा व्यवस्था, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा की.
सभी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक ‘चुनावी पाठशाला’
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने स्कूल से बाहर रह गए बच्चों और दिव्यांग बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छात्रों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और आधार-अपार अपडेटेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए. जिला के सभी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक ‘चुनावी पाठशाला’ आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है. इसके माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता की जानकारी दी जाएगी.
10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों पर असंतोष
उपायुक्त ने अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान विषयों की पढ़ाई की निगरानी के लिए विशेष सेल बनाने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के कक्षा 10 और 12 के परीक्षा परिणामों पर असंतोष जताते हुए उन्होंने बेहतर परिणाम के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा. साथ ही विद्यालयों की प्रगति और पठन-पाठन को प्रभावित करने वाले शिक्षकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी अंडर-परफॉर्मर शिक्षक नहीं रहना चाहिए और सभी के कार्यों की लगातार समीक्षा होगी.
एसआईआर कार्यक्रम की समीक्षा
इसके बाद विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए Enumeration Form के शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए. विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग और फॉर्म संग्रहण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए.
राज्यस्तरीय मैराथन का होगा आयोजन
: वहीं, 26 जून को मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता के लिए राज्यस्तरीय मैराथन आयोजित की जाएगी. यह मैराथन मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर एसएसपी चौक, रेडियम रोड, कचहरी चौक, फिरायालाल चौक और सैनिक बाजार होते हुए पुनः बापू वाटिका पहुंचेगी. सुबह 6 बजे से पंजीकरण शुरू होगा.
उपायुक्त ने मैराथन के लिए यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सहायता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा, मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की जरूरत है. युवाओं और समाज की व्यापक भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को जिले के विभिन्न अंचलों में आयोजित जनता दरबार में कुल 827 आवेदनों का निष्पादन किया गया. बेड़ो, बुढ़मू, सोनाहातू, नगड़ी, चान्हो, बुंडू, सिल्ली, नामकुम, राहे और मांडर अंचलों में आय, जाति, आवासीय, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार और भूमि संबंधी मामलों का त्वरित निपटारा किया गया.
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने लोगों से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अंचल स्तर पर आयोजित जनता दरबार का लाभ उठाने की अपील की.

