
रांची के वर्धमान कंपाउंड स्थित कोयला विहार अपार्टमेंट की निवासी राशि सिन्हा ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी कला का परचम लहरा कर रांची और झारखंड समेत पूरे देश का नाम रोशन किया है.राशि सिन्हा को इस वर्ल्ड एडिशन प्रतियोगिता के विप्ड क्रीम वेडिंग आर्टिस्ट इंटरमीडिएट कैटेगरी में उनके उत्कृष्ट एवं लाजवाब प्रदर्शन के लिए चुना गया. श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित एशिया केक ऑस्कर के चौथे संस्करण वर्ल्ड एडिशन 2026 में दुनिया के कई देशों से आए दिग्गज एवं उभरते हुए केक आर्टिस्ट ने हिस्सा लिया था. कड़े मुकाबले और बेहतरीन कलाकारों के बीच रांची की राशि सिन्हा ने अद्भुत कलात्मकता और क्रिएटिविटी से वहां मौजूद जजों और हर किसी का दिल जीत लिया. कोलंबो में आयोजित इस भव्य समारोह के दौरान राशि सिन्हा को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय अवार्ड,चमचमाती ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया. उनकी बनाई इस केक आर्ट में उनकी कड़ी मेहनत और बारीकियां साफ नजर आ रही थी जिसने भारत को इस श्रेणी में शीर्ष पर पहुंचा दिया. इस उपलब्धि से राशि सिन्हा के परिवार, उनके दोस्तों, रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है और बधाई देने का तांता लगा हुआ है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता यह साबित करती है कि झारखंड की प्रतिभाएं वैश्विक पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं. राशि सिन्हा ने इस अवार्ड का श्रेय अपने पति नितिन उपाध्याय, माता एवं सास ससुर को दिया और कहा कि इनके समर्थन से ही यह संभव हो सका है.
मीडिया प्रभारी
नरेश पपनेजा

