
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में न्यू बायपास सड़क स्थित भालूककोचा गांव के पास बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि ट्रक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
चांडिल डैम से लौट रहे थे तीनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर चांडिल डैम की ओर से वापस चांडिल की तरफ आ रहे थे. इसी दौरान पितकी रेलवे फाटक पर लंबा जाम लगा हुआ था. फाटक खुलने के बाद ट्रक तेज गति से आगे बढ़ा और नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया.
दो घायल युवकों की हालत गंभीर
हादसे में घायल दोनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई.
ट्रक चालक मौके से फरार
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया. लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.

