
राँची: ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में अहम बैठक हुई। इसमें जिले के सभी बड़े अधिकारी शामिल हुए और त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से कराने की रणनीति बनाई गई। डीसी ने साफ कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी अधिकारी पहले से तैयारी करके रखें।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
बैठक में शहर के उन इलाकों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जहां भीड़ ज्यादा रहती है या पहले से संवेदनशील माने जाते हैं। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती होगी। ईद के दौरान सभी ईदगाह और नमाज स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि लोग आराम से नमाज अदा कर सकें।

