
रांची। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने आज पिस्का रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत यहां हुए कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री करुणा निधि सिंह ने उन्हें स्टेशन के विकास को लेकर हुए कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। ₹22 रुपये करोड़ की लागत से इस स्टेशन का पुनर्विकास हुआ है। इसके तहत नया भवन, विस्तृत खुला स्थान, फुट ओवर ब्रिज, 2 लिफ्ट, 3 प्लेटफार्म, पार्किंग, प्रतीक्षालय, कार्यालय का निर्माण किया गया है।
इस स्टेशन का विकास भविष्य को देखते हुए मैने कई प्रस्ताव रेल मंत्री को दिया है । वर्तमान समय में यहां लोहरदगा पैसेंजर, सासाराम इंटरसिटी और चोपन पैसेंजर का ठहराव है। भविष्य में इस रूट से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव भेजने का निर्देश रक्षा राज्य मंत्री ने डीआरएम को दिया। पुरुलिया आनंद विहार ट्रेन का परिचालन शुरू होना है, इसका ठहराव पिस्का स्टेशन पर करवाने के लिए रक्षा राज्य मंत्री ने अपनी तरफ से पहल करने की बात कही। लोहरदगा डाल्टनगंज होते हुए नई दिल्ली को जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव भी एक मिनट के लिए स्टेशन पर देने के लिए भी रेलवे को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने अपने स्तर से भी प्रयास करने की बात कही है।
रांची और पिस्का रेलवे स्टेशन के बीच के क्षेत्र का समुचित विकास हो और फिर पिस्का स्टेशन उसका आधार बने, इस दिशा में भी रेलवे ने कदम बढ़ाया है। यहां ट्रेनों की पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था हो सके, इसके लिए पांच रेलवे लाइन बनाने की आवश्यकता है। इसे लेकर रेलवे ने तैयारी कर ली है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चालू हो गई है। इसके विकास के साथ यहां पार्किंग, नया भवन और अन्य कई योजनाओं पर काम होगा।
श्री संजय सेठ ने बताया कि 2019 में जब वह चुनाव लड़ रहे थे, उस समय यहां सिर्फ धूल और गर्दा हुआ करता था। यह मेरा संकल्प था कि पिस्का स्टेशन का समुचित विकास करना है और रांची रेल क्षेत्र को नया विस्तार देना है। इस दृष्टि से मैंने काम करना शुरू किया, जिसका सुखद परिणाम इस रूप में सामने आया है। आज पिस्का स्टेशन का भव्य स्वरूप देखने को मिल रहा है। बहुत जल्द ही आनंद विहार के तर्ज पर इसके विकास को और विस्तार दिया जाएगा। नए यार्ड बनाए जाएंगे ताकि रांची की बढ़ती आबादी को देखते हुए इस क्षेत्र का भी विकास हो सके। श्री सेठ ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि पिस्का स्टेशन का ऐसा स्वरूप तैयार किया जाए ताकि रातू रोड, पंडरा, कटहल मोड़, धुर्वा, स्मार्ट सिटी सहित आसपास के कई क्षेत्रों से लोग इस स्टेशन से आवागमन शुरू करें। इससे एक नए क्षेत्र का विकास भी हो सकेगा और रेलवे के विस्तार को भी नई पहचान मिल सकेगी। पिस्का में रेलवे के पास अपनी पर्याप्त जमीन है, उस अनुसार मैंने रेल अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने को निर्देशित किया है। इस स्टेशन को कैसे बेहतर स्वरूप में विस्तार दिया जाए, इस हेतु योजनाएं बनाने को कहा है। कई योजनाओं पर रेलवे काम कर रहा है। कई योजनाओं पर मैंने भी पहल की है। आने वाले दिनों में पिस्का स्टेशन का विस्तार स्वरूप नागरिकों को देखने को मिलेगा।

