
: लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में मालगाड़ी की चपेट में हाथियों का एक झुंड आ गया. जिससे एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद, हाथियों ने पूरे रेलवे ट्रैक को घेर लिया है, जिससे बरकाकाना-बरवाडीह सेक्शन पर रेल परिचालन पूरी तरह से बाधित है. यह घटना लातेहार के निद्रा और महुआ मिलान स्टेशनों के बीच रेलवे पोल नंबर 173 के पास हुई.
दरअसल, लातेहार जिले के निंद्रा-महुआ मिलान गांव के आसपास जंगली हाथियों का झुंड अक्सर भ्रमण करता रहता है. सोमवार की रात हाथियों का झुंड रेलवे लाइन क्रॉस कर रहा था. इसी दौरान एक मालगाड़ी वहां से गुजरने लगी. जिसकी चपेट में आने से एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया और रेलवे ट्रैक पर ही बैठ गया.
हादसे के बाद दूसरे हाथी काफी आक्रोशित हो गए और रेलवे ट्रैक के आसपास ही जमे हुए हैं. सुरक्षा की दृष्टिकोण से रेलवे डिपार्टमेंट ने रेल परिचालन को रोक दिया है. टोरी स्टेशन सुपरिटेंडेंट रंजीत कुमार ने बताया कि घटना के बाद हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक के पास ही जमा हुआ है. इसी कारण रेलवे परिचालन को रोका गया है. हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक के पास ही है. इसलिए हाथी को कितनी चोट आयी है, इसकी जानकारी भी नहीं हो पा रही है.

