
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न विभागों में नए सचिवों की नियुक्ति की गई है तथा कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जारी आदेश के अनुसार राजेश कुमार शर्मा को सचिव, आपदा प्रबंधन के पद से स्थानांतरित करते हुए सचिव, खाद्य आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं के. श्रीनिवासन को सचिव, ग्रामीण विकास विभाग के स्थान पर सचिव, ऊर्जा विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
इसी तरह मनोज कुमार को सचिव, पर्यटन विभाग से स्थानांतरित कर सचिव, ग्रामीण विकास विभाग बनाया गया है। विद्या भाल को सचिव, परिवहन विभाग से हटाकर सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
एक अन्य आदेश में मनोज कुमार को सचिव, समाज कल्याण विभाग बनाया गया है, जबकि उन्हें आयुक्त, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
मुक़ेश कुमार को सचिव, योजना विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्हें सचिव, पर्यटन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
उमाशंकर सिंह को सचिव, स्कूली शिक्षा विभाग नियुक्त किया गया है तथा उन्हें समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय कार्यों में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

