हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड डेली मार्केट स्थित नंदिनी ज्वेलर्स के मालिक प्रभु प्रसाद सोनी से 7 फरवरी को 25 लाख रुपये के आभूषणों की लूट और गोलीबारी के विरोध में 9 फरवरी को बड़कागांव बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं. बंद से केवल मेडिकल दुकानों को मुक्त रखा गया. दैनिक बाजार मुख्य चौक, ऊपर चौक, बसरिया मोहल्ला रोड, कृषक चौक, टंडवा रोड, बादम रोड में सभी प्रकार की दुकानों को उसके मालिकों ने स्वेच्छा से बंद रखा. डेली मार्केट में धरना प्रदर्शन किया गया. पूर्व विधायक लोकनाथ महतो अपने समर्थकों के साथ धरने पर भी बैठे और प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की.

