
लोहरदगा: जिले के सेन्हा में एक डंपिंग प्लांट की आड़ में बालू का अवैध कारोबार किया जा रहा था. यहां से बालू हाइवा के जरिए रांची भेजी जा रही थी. पुलिस ने छापेमारी कर मौके से बालू लोड छह हाइवा जब्त कर लिए गए. इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच हुआ है. यह कार्रवाई भड़गांव-नंदगांव पथ पर स्थित बीटीआईपीएल प्लांट में की गई.
एक संगठित और व्यवस्थित रूप से बालू का अवैध कारोबार चल रहा था. किसी को भी इसकी खबर नहीं थी. सबको मालूम था कि यह डंपिंग यार्ड निर्माण सामग्री तैयार करने के लिए स्थापित है. जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली और पुलिस प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की, तब मामले का खुलासा हुआ.
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि सेन्हा थाना अंतर्गत क्षेत्र भड़गांव में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है. जिसके बाद एसपी ने सूचना का सत्यापन करते हुए सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा को मामले में कार्रवाई का निर्देश दिया. थानेदार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह हाइवा वाहन को जब्त कर लिया, जिसमें जेएच 13जे 6362, जेएच 13जे 3825, जेएच 13जे 5141, जेएच13जे 9876, जेएच13जे 9290 एवं जेएच 13जे 8633 पर अवैध रूप से बालू लोड थी.
पुलिस द्वारा बालू के वैद्य कागजात की मांग की गई, लेकिन किसी ने कागजात प्रस्तुत नहीं किया. जिसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर सेन्हा थाना परिसर में सुरक्षित लगा दिया गया. इसके बाद खनन निरीक्षक बसंत, उरांव सेन्हा के अंचलाधिकारी पंकज कुमार भगत के साथ थाना पहुंचे और अवैध बालू लदे हाइवा वाहनों का सत्यापन किया. मामले में सेन्हा थाना में कांड संख्या 28/26 में प्राथमिकी दर्ज की गई है. अब पुलिस मामले में जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है.
सेन्हा में बालू का अवैध परिवहन कर रहे छह हाइवा को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस मामले में जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही हैः सादिक अनवर रिजवी, एसपी, लोहरदगा

