
लातेहार: जिले के बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलबसिया रेलवे स्टेशन के पास स्थित कोयला साइडिंग पर कोयला लदी मालगाड़ी की पांच बोगियां पटरी से उतर गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई है. संभावना है कि शुक्रवार की देर शाम तक राहत कार्य पूरा हो जाएगा. रेलवे विभाग के सीएलआई सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि की है.
दरअसल, टोरी- शिवपुरी रेलवे लाइन के फूलबसिया रेलवे स्टेशन के पास स्थित कोयला साइडिंग में मालगाड़ी पर कोयला लोड कर रवाना किया जा रहा था. इसी बीच अचानक मालगाड़ी की पांच बोगियां पटरी से उतर गई. इस कारण कोयला साइडिंग के पास यातायात प्रभावित हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे की राहत टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मालगाड़ी की बोगियों को पटरी पर लाने का कार्य शुरू किया गया. रेलवे विभाग के सीएलआई सुनील कुमार ने बताया कि राहत कार्य शुरू कर दिया गया है. जल्द ही मालगाड़ियों का परिचालन सामान्य हो जाएगा.
हादसे में गार्ड घायल
बताया जाता है कि इस घटना में मालगाड़ी के गार्ड को हल्की चोट आई है. हालांकि उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर भेज दिया गया है. बताया जाता है कि कोयला लेकर मालगाड़ी जैसे ही साइडिंग से बाहर निकलने लगी, वैसे ही मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतर गई. गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई.

