
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार का बुधवार को बारामती में प्लेन क्रैश में निधन हो गया. आज गुरुवार 29 जनवरी 2026 को बारामती के कटेवाड़ी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. जानकारी के मुताबिक सुबह 9 बजे के करीब उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई. बता दें, अजित पवार अगले महीने होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव के लिए चुनाव प्रचार करने जा रहे थे. सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर उन्होंने चार्टर प्लेन से उड़ान भरी और 8 बजकर 45 मिनट पर उनका प्लेन क्रैश हो गया. उनके साथ 5 लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई. सभी दिग्गजों ने अजित पवार के आसामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है. वहीं, कुछ लोगों ने प्लेन क्रैश हादसे की जांच की भी बात कही हैं. इस पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस दुख के समय में किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए. डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है.
दोनों बेटों ने दी मुखाग्नि
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार का आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. दोनों बेटों ने अपने पिता को मुखाग्नि दी.
अमित शाह, नितिन नबीन समेत दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम स्व. अजित पवार को अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम देवेंद्र फडणवीस, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे समेत सभी नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की.
पवार के काटेवाडी गांव में शोक की लहर
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए उनके पैतृक गांव काटेवाडी स्थित आवास पर गुरुवार सुबह सैकड़ों शोक संतप्त लोग उमड़ पड़े. पुणे जिले के काटेवाडी और आसपास के गांवों के शोक संतप्त लोग, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उनके आवास के बाहर उमड़ पड़े और ‘‘अजित दादा अमर रहे’’, ‘‘अजित दादा परत या’’ (अजित दादा कृपया वापस आ जाएं) जैसे नारे लगाने लगे. कई शोक संतप्त लोगों ने क्षेत्र के विकास में उनकी भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके जैसा नेता दोबारा नहीं जन्म लेगा.
बारामती विमान हादसे में एडीआर दर्ज
पुणे जिले के बारामती में विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य की मौत के संबंध में पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है. पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमने बारामती तालुका पुलिस थाने में , दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है. प्रक्रिया के अनुसार, एडीआर को महाराष्ट्र आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दिया जाएगा, जो वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) की जांच के निष्कर्षों के आधार पर जांच करेगा. एएआईबी नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन है. एएआईबी ने दुर्घटना की जांच अपने हाथ में ले ली है.

