
रांची शहरी क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। बिजली विभाग ने अप्रैल तक 3.70 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से करीब 3.40 लाख मीटर लगाए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायत है कि बैलेंस 200 रुपये से नीचे जाते ही बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कट जाती है। कई मामलों में रिचार्ज या भुगतान के बाद भी बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल नहीं हो रही है, जिससे घरों, दुकानों और छोटे कारोबार पर असर पड़ रहा है। उपभोक्ता बिजली विभाग से मांग कर रहे हैं कि बिजली काटने से पहले सूचना दी जाए और भुगतान होते ही तुरंत बिजली बहाल की जाए।

