

रांची। हर-हर महादेव और पहाड़ी बाबा के जयकारों के बीच पहाड़ी मंदिर विकास समिति द्वारा आयोजित पहाड़ी बाबा के दो दिवसीय तिलकोत्सव का शुभारंभ पहले दिन महारुद्राभिषेक के साथ विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया गया।
इस अवसर पर सुबह नित्य पूजा-अर्चना के बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे सर्वप्रथम कलश पूजन किया गया। इसके बाद बाबा का पंचामृत स्नान, शिव परिवार पूजन संपन्न हुआ। पहाड़ी मंदिर के पुजारी संत कबीर दास के सान्निध्य में पिंटू बाबा, नवीन बाबा एवं महाकाल बाबा द्वारा 101 किलो दूध, गंगाजल, गन्ने का रस एवं अन्य पूजन सामग्रियों से मंत्रोच्चारण के साथ महारुद्राभिषेक किया गया।
मंत्रोच्चारण के दौरान पूरा पहाड़ी मंदिर परिसर एवं आसपास का वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में उपस्थित होकर महारुद्राभिषेक में शामिल हुए।
### फूल-पत्तियों से हुआ बाबा का भव्य श्रृंगार
दो दिवसीय तिलकोत्सव के प्रथम दिन महारुद्राभिषेक के उपरांत पहाड़ी बाबा का रंग-बिरंगे मौसमी फूल-पत्तियों से भव्य श्रृंगार किया गया। बाबा को विभिन्न प्रकार के फल एवं मिठाइयों का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद साज-बाज के साथ संगीतमय महाआरती हुई तथा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
ये थे महारुद्राभिषेक के यजमान
मुख्य यजमान ललिता देवी एवं शिव प्रसाद गुप्ता रहे। वहीं यजमान के रूप में ललवी देवी-दीपक नायक तथा सीमा-बबलू महतो शामिल हुए।
इस अवसर पर अमित रमन, अमित पांडेय, अशुतोष, पंकज गुप्ता, जीतेंद्र वर्णवाल, अमित व्यास, तड़ित राय, कैलाश राय, गोपाल प्रसाद, राकेश, सूरज सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।
बसंत पंचमी को होगा पहाड़ी बाबा का तिलकोत्सव
बसंत पंचमी के अवसर पर 23 जनवरी को तिलकोत्सव के दूसरे दिन सुबह नित्य पूजा-अर्चना के बाद प्रातः 8 बजे से महाभंडारा का आयोजन होगा। दोपहर 1 बजे से पहाड़ी बाबा का फूल-पत्तियों एवं आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालु दोपहर 2 बजे से रात्रि 9 बजे तक बाबा के श्रृंगार दर्शन कर सकेंगे।
शाम 4 बजे आर्यपुरी शिव पंच मंदिर हिमालय परिवार द्वारा पहाड़ी बाबा का तिलकोत्सव चढ़ाया जाएगा। शाम 7:30 बजे महाआरती एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा

