
सीपीआई कार्यालय में वामदलों और इंडिया ब्लॉक के सभी दलों की बैठक झामुमो के जिला संयोजक मुस्ताक आलम की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक का संचालन सीपीआई के जिला सचिव अजय कुमार सिंह ने किया.
बैठक में झामुमो, कांग्रेस, राजद, टीएमसी, समाजवादी पार्टी, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई माले, दलित अधिकार मंच, लोक समिति, मजलिसे उलेमा सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
बैठक में मुख्य रूप से पूरी दुनिया में अमेरिकी दादागिरी और विस्तारवादी नीतियों के खिलाफ आंदोलन करने का निर्णय लिया गया. सभी दलों के नेताओं ने कहा कि अमेरिका ने हाल ही में वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो का अपहरण करने और देश के संसाधनों पर कब्जा करने की कोशिश की, जिससे पूरी दुनिया युद्ध की ओर धकेली जा रही है.
उन्होंने कहा कि अमेरिका लगातार भारत की विदेश नीति में भी हस्तक्षेप कर रहा है और व्यापार व अन्य मामलों में दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है.
सभी दलों ने मिलकर निर्णय लिया कि 22 जनवरी 2026 को रांची में प्रतिरोध मार्च आयोजित किया जाएगा. यह मार्च सैनिक बाजार से शुरू होकर लोक भवन तक जाएगा, जहां राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा.

