चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में शनिवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला इकाई की प्रबंधन समिति की बैठक जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, पोड़ाहाट–चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, सामान्य शाखा उपसमाहर्ता देवेंद्र कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता कुमार हर्ष, रेड क्रॉस जिला इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल, सचिव सुब्रतो सिन्हा, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश केडिया, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने सितंबर 2023 में गठित समिति द्वारा अब तक की गई गतिविधियों की जानकारी ली। बताया गया कि जिले में रेड क्रॉस सोसाइटी के कुल 646 सदस्य हैं।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रस्तावित भवन के लिए चयनित जमीन से संबंधित समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के भीतर किया जाए और कार्यालय परिसर में विद्युत आपूर्ति भी शीघ्र बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि सोसाइटी का अपना भवन होना आवश्यक है, जिसके लिए जल्द ही भवन का लेआउट तैयार कराया जाएगा।

बैठक में सदस्यता अभियान चलाने तथा सोसाइटी की गतिविधियों को निरंतर सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। जिला वासियों से अपील की गई कि इच्छुक लोग मधु बाजार स्थित रेड क्रॉस कार्यालय में संपर्क कर सदस्य बन सकते हैं।

बैठक में स्कूल–कॉलेजों में लाइफ सेविंग, फर्स्ट एड, फायर सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित करने, ब्लड डोनेशन कैंप को ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तारित करने, चक्रधरपुर उप–शाखा का चुनाव कराने और मासिक बैठकें नियमित रूप से करने पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि इन जनसरोकार कार्यक्रमों से रेड क्रॉस की पहुंच बढ़ेगी और अधिक लोग जनकल्याण कार्यों से जुड़ सकेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version